रेवाड़ी। जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आ रहा है, शहर के बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। खासकर बच्चों को लुभाने वाली सांता क्लॉज की ड्रेस, टोपी, नकली दाढ़ी और म्यूजिकल खिलौनों की दुकानों पर चहल-पहल नजर आने लगी है।
दुकानदारों ने भी बढ़ती मांग को देखते हुए पहले से ही स्टॉक मंगवाना शुरू कर दिया है ताकि त्योहार के समय ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो। क्रिसमस को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहता है। स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों और घरों में मनाए जाने वाले जश्न के लिए लोग बच्चों के लिए सांता की ड्रेस और उपहार की खरीदारी करते हैं। इसी कारण बाजारों में रंग-बिरंगी सांता ड्रेस, बेल, स्टार, ट्री डेकोरेशन आइटम और तरह-तरह के म्यूजिकल खिलौने सजने लगे हैं। इस बार क्रिसमस को लेकर दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
भाड़ावास मार्ग स्थित दुकानदार विजय कुमार ने बताया कि बाजारों में तरह तरह के क्रिसमस ट्री, जिंगल बेल, सांता की ड्रेस और टोपियां मौजूद हैं। क्रिसमस ट्री जहां 50 रुपये से लेकर 3 हजार रुपये तो सांता की ड्रेस 275 रुपये से दो हजार रुपये तक में बिक रही है। टोपियों के साथ-साथ सांता हेयर बैंड भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
म्यूजिक बजाते हुए डांस करता हुआ सांता क्लाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इसके अलावा घड़ियां, लड़ियां, म्यूजिकल खिलौनों से दुकानें सजी हुई हैं। बावल चौक स्थित गिफ्ट गैलरी दुकानदार साहिल ने बताया कि क्रिसमस के लिए डेकोरेशन का सामान, गिफ्ट लोग खरीदने के लिए आ रहे हैं।
ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने पहले से ही क्रिसमस से जुड़ा पर्याप्त सामान मंगवा लिया है। इस बार बेहतर व्यापार होने की उम्मीद है।
-
सामान की कीमतों पर एक नजर
सामग्रीकीमत
क्रिसमस ट्री50 रुपये से 3000 रुपये
सजावट सहित ट्री500 रुपये से 5000 रुपये
सांता क्लॉज ड्रेस275 रुपये से 2000 रुपये
सांता टोपी30 रुपये से 150 रुपये
सजावटी बॉल्स10 रुपये से 35 रुपये
स्टार्स10 रुपये से 125 रुपये
खिलौने10 रुपये से 150 रुपये
सांता का चश्मा40 रुपये से 50 रुपये