संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। नगर पालिका के चेयरमैन कंवर सिंह और सचिव मोहित ने शहर के नालों की सफाई शुरू करा दी है। चेयरमैन और सचिव वीरवार को सुभाष चौक, बास रोड आदि स्थानों पर पहुंचकर नालों का जायजा लिया। यहां नाले गंदगी से पटे थे। उन्होंने नालों की ठीक से सफाई करने का निर्देश ठेकेदार को दिया।
लोगों ने शिकायत की थी नाले गंदगी के पटे होने के कारण जलनिकासी नहीं हो रही है। इसके बाद नालों को चिह्नित किया गया और सफाई का कार्य शुरू कराया गया। शहर के पानी की निकासी के लिए वर्षों पूर्व नालों का निर्माण करवाया था।
दिल्ली मार्ग, बास मार्ग, सोहना पलवल रेवाड़ी राजमार्ग नंबर 919 के दोनों ओर बिजली निगम कार्यालय की तरफ जाने वाले रोड, व पशु पालन अस्पताल के साथ पास नाले बनाए गए हैं। सभी नाले गंदगी से पटे हैं। इसकी वजह से इनमें से बदबू उठ रही है और शहरवासी परेशान हैं।
मानसून से पहले प्रत्येक वर्ष नगरपालिका प्रशासन की ओर से नालों की सफाई करवाने के लिए लाखों रुपये का टेेंडर छोड़ा जाता है, लेकिन नालों की सफाई सही तरह से नहीं होती है और ठेका लेने वाली एजेंसी को भुगतान कर दिया झाता है। इस बार सचिव व चेयरमैन खुद सफाई करा रहे हैं।
-
सफाई करवाने के लिए अलग से टेंडर छोड़ा
नगर पालिका ने शहर की सफाई करवाने के लिए 130 सफाई कर्मचारियों को ठेकेदार के माध्यम से लगाया है। नपा के अधिकारियों ने कूड़ा सफाई करवाने के लिए टेंडर अलग से छोड़ा है। शहर के अधिकांश नाले एवं नालियां कीचड़, गंदगी और पालीथिन से भरी हुई हैं। नपा अधिकारियों ने एक वर्ष पूर्व नालों की सफाई करवाई थी, लेकिन ठीक से सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या पैदा हुई थी। इस बार ऐसी समस्या न हो, इसके लिए चेयरमैन और सचिव खुद अपनी देखरेख में सफाई करा रहे हैं।
वर्जन
शहर के सभी नालों की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। 15 दिन में नाले साफ करवा दिए जाएंगे। इस मानसून में जलभराव की समस्या नहीं होने दी जाएगी। - कंवर सिंह, चेयरमैन, नगर पालिका धारूहेड़ा।