संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला नगरायुक्त राहुल मोदी ने नगर परिषद के हॉल में वीरवार को शिविर लगाकर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उनकी समस्याएं लिखित में लेकर उनका जल्द समाधान कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
नगरायुक्त ने कहा कि सभी सफाई कर्मचारी विभाग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी समस्या का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता है। सफाई कर्मचारियों की समस्याएं दूर कराई जाएंगी। सफाई कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
ब्रांड अंबेसडर प्रियंका यादव ने कहा कि नगरायुक्त की ओर से कैंप लगाकर समस्याएं सुनने की पहल सराहनीय है। नगरायुक्त के निर्देशानुसार आज उन सभी सफाई कर्मचारियों को बुलाया गया जिनकी समस्याएं काफी समय से लंबित है। उनका समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
इस कैंप में सफाई कर्मचारियों की लगभग 18 समस्याएं आईं। इनमें अधिकतर समस्याएं पीएफ, प्रमोशन, मेडिकल बिल, ईएसआई से संबंधित रहीं। कैंप में मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार, एओ रविंद्र कुमार, हरकेश, दीपक, सफाई दरोगा रवीश, मंगतूराम, नरेश, अजीत उपस्थित रहे।