शहर थाना के अंतर्गत गोकल गेट पुलिस चौकी ने स्विफ्ट कार व दुकान के गल्ले में रखे हुए 5 चांदी के सिक्के चोरी करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान काठमंडी निवासी चिराग उर्फ चिन्नू के रूप में हुई है।
जांचकर्ता एचसी सुनील ने बताया कि संजय जुनेजा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 30 अगस्त की रात को वह अपनी स्विफ्ट गाड़ी बाहर गली में खड़ी करके उसकी चाबी दुकान के गल्ले में रखकर चला गया था। उसी रात कोई अज्ञात चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 5 चांदी के सिक्के तथा गाड़ी की चाबी निकालकर स्विफ्ट गाड़ी को चुराकर ले गया। पुलिस ने शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच में कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में मिली चोरी की गई स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।