संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भाड़ावास रोड पर रविवार की देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार टेलीकॉम कंपनी गांव खरखड़ी निवासी विनय के कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।
विनय रेवाड़ी की एक टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत थे और दो बच्चों के पिता थे। उनके चचेरे भाई मौसम ने बताया कि रविवार को दोनों अलग-अलग बाइक पर गांव लौट रहे थे। भाड़ावास पहुंचने पर वह अपने परिचितों से मिलने रुक गए जबकि विनय आगे निकल गए।
कुछ देर बाद सूचना मिली कि करेला के पास एक बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हो गया है। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल विनय को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के समय उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं होने के कारण पुलिस उनकी पहचान नहीं कर सकी और शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। उधर, परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे। सोमवार सुबह पुलिस का फोन आने पर उन्हें हादसे और मौत की जानकारी मिली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।