फोटो : 05रेवाड़ी। शोधार्थियों को बधाई देते कुलपति व अन्य। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग से डॉ. मीरा भांभा के नेतृत्व में शोधार्थियों की टीम ने गलगोटियास विश्वविद्यालय की तरफ से आयोजित एआईयू अन्वेषण जोनल राउंड में तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम में देवानंद (ईवीएस विभाग), मुस्कान (जैव प्रौद्योगिकी विभाग) और अविनाश (अर्थशास्त्र विभाग) थे।
एआईयू अन्वेषण जोनल राउंड में सामाजिक विज्ञान, स्वास्थ्य विज्ञान, बुनियादी विज्ञान, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी और विषय जैसे विभिन्न डोमेन से अपने अभिनव परियोजना प्रस्तावों को प्रस्तुत करने के लिए 26-27 नवंबर को पांच टीमों ने भाग लिया था। अंतर अनुशासनात्मक क्षेत्र की टीमों में से आईजीयू शोधार्थियों देवानंद, मुस्कान और अविनाश ने कृषि में कीटनाशकों के हानिकारक प्रभावों का पता लगाने और उनके प्रबंधन पर अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने सभी प्रतिभागियों और विजेता टीम को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न शोध कार्यों में निरंतर उपलब्धि प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए बड़े ही गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि ये सभी शोधार्थी अन्य शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होंगे। उन्होंने भविष्य में भी सभी से शोध कार्यों पर गहनता एवं कड़ी मेहनत से खोज करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रोफेसर मंजू परूथी, जैव प्रौद्योगिकी विभाग अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार, अधिष्ठाता एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. सुमन नागपाल, डॉ. पवन कुमार ने भी सभी शोधार्थियों को बधाई दी।