संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद के गेट के पास बैठक की। इसकी अध्यक्षता रेवाड़ी इकाई प्रधान महेंद्र कुमार चावरिया ने की। इसके बाद काफी संख्या में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कार्यालय पहुंचकर एक्सईएन मंजीत दहिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रधान महेंद्र कुमार ने कहा कि उनकी मुख्य मांगों में सभी कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा, निजीकरण समाप्त करने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, दो वर्ष के अनुभव के आधार पर नियमित करने, जोखिम भत्ता देने, कोरोना वायरस से मृत्यु होने पर कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि व नियमित रोजगार देने, विभाग के रोल पर लगे सभी कर्मचारियों को समान काम, समान वेतन देने, क्षेत्रफल आबादी के अनुपात में सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों, फायर कर्मचारियों और चतुर्थ एवं तृतीय श्रेणी के सभी कर्मचारियों के नए पद सृजित कर पक्की भर्ती करने व कौशल रोजगार योजना भंग करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। इस मौके पर इकाई उप प्रधान शिवा, रतीश बागड़ी, अनिल कुमार, बाबूलाल, भूपसिंह, विजय व अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।