फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: कोसली बस स्टैंड का निर्माण पूरा होने के बाद स्थापित होगा सब डिपो

Sat, 17 Oct 2026 12:20 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
नया बस स्टैंड की आधारशिला रखते विधायक अनिल यादव। संवाद
विज्ञापन
कोसली। नए बस स्टैंड के निर्माण की पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। विधायक अनिल यादव ने 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए बस स्टैंड की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड का निर्माण पूरा होने के बाद यहां परिवहन विभाग का सब डिपो स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को रोडवेज बसों की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विज्ञापन

विधायक अनिल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कोसली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार क्षेत्र की पुरानी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देशानुसार हलके में चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल कोसली में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का दोबारा निर्माण करवाकर इसे शुरू किया गया था। अब शहर की तीन कॉलोनियों को वैध घोषित किए जाने से हजारों निवासियों को राहत मिली है।
विज्ञापन

आरओबी के दोनों तरफ 3 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से सर्विस रोड बनाई जाएंगी। वहीं, नाहड़ रोड पर पानी निकासी की समस्या दूर करने के लिए 48 लाख रुपये की लागत से नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। साल्हावास रोड के पुनर्निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।

नाहड़ विश्रामगृह में सुनीं जनसमस्याएं
बस स्टैंड के शिलान्यास के बाद विधायक अनिल यादव ने नाहड़ विश्रामगृह में खुला दरबार लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव, रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा, चेयरमैन कपिल, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल, जिला पार्षद शारदा यादव, जिला पार्षद जीवन हितैषी, उदयभान डागर, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, मनिंद्र यादव, दीपक कोसली और आशीष बिसोहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण रूटों पर बस यात्रा आसान होगी:
बस स्टैंड के निर्माण से कोसली क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण रूटों पर बस यात्रा आसान होगी। अन्य जिलों से नए बस स्टैंड से करीब 50 बसों का संचालन किया जाएगा। इस परियोजना के तहत कोसली में सब-डिपो की स्थापना के लिए पदों को भी स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण इलाकों और अन्य रूटों पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। कोसली क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन बसों के माध्यम से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों के लिए बस परिवहन महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को सुविधाजनक स्थान पर बस सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद है। कोसली में लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नया बस स्टैंड व सब डिपो बनने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें