रेवाड़ी। शहीद रामस्वरूप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंवाली में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। उत्सव में जिले के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, रागनी और स्किट सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय आयोजन के लिए चयनित किया गया।
समापन समारोह में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया मुख्य अतिथि रहे। समग्र शिक्षा की डीपीसी संतोष तंवर अति विशिष्ट अतिथि तथा डिप्टी डीईओ राजेंद्र यादव और अरविंद यादव व बीईओ डॉ. दुष्यंत यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
15 अक्तूबर को समूह-ए (कक्षा पांचवीं से आठवीं) में लोक नृत्य समूह में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, लोक नृत्य एकल में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाबुआ, बावल, रागनी एकल में राजकीय माध्यमिक विद्यालय लुहाना, खोल और स्किट समूह में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
16 अक्तूबर को समूह-बी (कक्षा नौवीं से बारहवीं) में लोक नृत्य समूह, लोक नृत्य एकल और रागनी एकल में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाल्हावास, जाटूसाना ने प्रथम स्थान हासिल किया।
स्किट समूह में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल प्रथम रहा। सभी प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विषय विशेषज्ञों का निर्णायक मंडल नियुक्त किया गया था। अतिथियों ने निर्णायकों के निष्पक्ष और पारदर्शी निर्णय की सराहना की।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
प्राचार्य अनिल यादव ने कहा कि कंवाली की धरती पर पूरे जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं का संगम होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने अतिथियों और निर्णायक मंडल का पगड़ी व फूलमालाओं से स्वागत किया। अशोक नामवाल ने आयोजन को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए अधिकारियों, प्राचार्यों, निर्णायकों, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी स्वयंसेवकों का आभार जताया।
प्रेस सचिव मनोज वशिष्ठ ने कहा कि हरियाणवी लोक संस्कृति, रागनी, लोक नृत्य और देशभक्ति की प्रस्तुतियां अविस्मरणीय रहीं। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण, धन्यवाद ज्ञापन, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : स्कूल