रेवाड़ी। राजकीय विद्यालयों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणित में कमजोर विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए 90 दिन की विशेष शिक्षण योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत पीरियोडिक असेसमेंट-1 (पीए-1) के परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की कमजोरियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अभ्यास करवाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में जीरो पीरियड का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है।
योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिन्हें अक्षर पहचानने, शब्द पढ़ने, वाक्य लिखने और गणित के सामान्य सवाल हल करने में परेशानी होती है। दिसंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की नियमित प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन
हर माह 4500 से 6000 विद्यार्थियों की मेंटर और मॉनिटरिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। जनवरी के पहले सप्ताह में इसकी समीक्षा की जाएगी।निपुण हरियाणा मिशन के तहत विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार को लेकर जिला परियोजना कार्यान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक में इन बिंदुओं पर चर्चा की गई।
अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने पीए-1 के परिणामों की समीक्षा की। इसमें सामने आई कमियों के आधार पर आगे की शिक्षण गतिविधियां तय करने पर जोर दिया गया।