यशपाल खोला व नरवीर यादव को सम्मानित करते शिक्षक। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। पटौदी रोड के पास जिलास्तरीय एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राकृतिक कृषि, पौष्टिक आहार, सामाजिक समरसता, सोशल मीडिया के सही उपयोग एवं सामाजिक व्यवहार पर विस्तार से जानकारी दी गई।
किसान यशपाल खोला ने विद्यार्थियों को बताया कि आज के समय में खानपान को लेकर विशेष सावधानी आवश्यक है। मिलावटी व बाजारू खाद्य पदार्थों से बचते हुए अंकुरित, प्राकृतिक और मौसम के अनुसार अपने खेतों व घरों में उगाई गई दालों, फलों व सब्जियों को आहार में शामिल करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ रहता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।
दिनचर्या में योग, व्यायाम, गृह वाटिका अपनाने, परिवार के बुजुर्गों के साथ समय बिताने और अनावश्यक डिजिटल संसाधनों से दूरी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के युवा देश के भविष्य के योद्धा हैं जिन्हें तकनीक के साथ अपनी संस्कृति और प्रकृति से जुड़कर आगे बढ़ना चाहिए।
यशपाल खोला ने गृह वाटिका को मानसिक व शारीरिक तनाव दूर करने का प्रभावी माध्यम बताया। इस अवसर पर यशपाल खोला व नरवीर यादव को शिक्षकों व कार्यक्रम समन्वयकों द्वारा सम्मानित किया गया।