रेवाड़ी। गांव डूंगरवास में शिवरात्रि पर श्री बाबा रुपादास मंदिर कमेटी की ओर से दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कार्यक्रमों की शुरूआत 14 फरवरी से होगी। 15 फरवरी को समापन किया जाएगा।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मास्टर बीरेंद्र भाटोटिया ने बताया कि शिवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को सुबह आठ बजे से खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ होगा।
युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग खेल शामिल किए गए हैं ताकि हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंदिर कमेटी की ओर से आकर्षक नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।
नेशनल कबड्डी (55 किलोग्राम भार वर्ग), लड़कों की 100, 400 और 1600 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, रस्साकसी, लड़कियों की 100 मीटर दौड़ और गोला फेंक, बुजुर्गों की दौड़ और महिलाओं के लिए मटका दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 7100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
15 फरवरी को शिवरात्रि के दिन मंदिर प्रांगण में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ देशभक्ति और भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गांव के कलाकारों व बच्चों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनकी तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। समापन अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को भी मंच से सम्मान प्रदान किया जाएगा।