स्वर्ण पदक जीतने पर नेहा को बधाई देते शिक्षक। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित ताइक्वांडो वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में रेवाड़ी की खिलाड़ी नेहा ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें नेहा ने अपनी उत्कृष्ट तकनीक, दमदार फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया।
स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही नेहा का चयन वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के फेज-2 के लिए भी हो गया है। खास बात यह है कि उसके भार वर्ग में पूरे देश से केवल 8 खिलाड़ियों को ही इस अगले चरण के लिए चुना गया है, जिससे उसकी उपलब्धि और भी खास बन जाती है।
बताया गया कि इस वर्ष जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप ताशकंद उज्बेकिस्तान में आयोजित की जाएगी जहां नेहा देश का प्रतिनिधित्व करेगी।