रेवाड़ी। जिला सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एडीसी आशिमा सांगवान ने कहा कि टेलीकॉम कंपनियों को मोबाइल टावर लगाने के लिए पोर्टल पर दर्शाए गए आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर लंबित आवेदनों को मापदंड व नियमानुसार कार्य करते हुए जिन्हें स्वीकृत किया जाना उन्हें अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें तथा जो आवेदन मापदंड व नियमों को पूरा न करते हो उन्हें रिजेक्ट करें।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी पहले मौके पर जाकर टावर लगाने वाली जगह का भौतिक सत्यापन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों की जांच व भौतिक सत्यापन करने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने की गाइडलान का पालन किया जाए। कमेटी द्वारा टावर लगवाने के लिए अनुमति प्रदान की गई है अथवा आवेदन रिजेक्ट किया है तो उसकी स्थिति पत्र के साथ पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। इसके उपरांत एडीसी आशिमा सांगवान ने परिवार पहचान पत्र से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। बैठक में सीईओ जिला परिषद जयदीप कुमार, डीडीपीओ एचपी बसंल, डीएसपी हंसराज, ईओ नगर परिषद अभय सिंह, जिला सांख्यिकी अधिकारी ज्ञान प्रसाद, सहित अन्य संबंधित अधिकारी व मोबाईल टावर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।