रेवाड़ी। सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने का निर्णय लिया है। ऐसे बुजुर्गों को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की मुफ्त यात्रा कराई जाएगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि बीपीएल परिवारों के बुजुर्गों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की मुफ्त धार्मिक यात्रा करवाने 8 जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से एक स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन को मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इच्छुक श्रद्धालु 6 जून तक सरल पोर्टल पर यात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह यात्रा पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगी।
डीसी ने बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा मनाए जा रहे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की शौर्य एवं धैर्यगाथा, अटूट आस्था कार्यक्रम के तहत चलाई जाने वाली यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से चलकर करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली होते हुए श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग तक जाएगी।
सोमनाथ मंदिर भारत के लोगों की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अति आवश्यक है। डीसी ने बताया कि यात्रा के आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं। इसके लिए आवेदक हरियाणा का स्थाई निवासी और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
वैध फोटो पहचान पत्र, शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने तथा पिछले तीन वर्षों में तीर्थ योजना का लाभ न लेने की स्वयं घोषणा पत्र शामिल है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक और 1.80 लाख तक वार्षिक आय होनी चाहिए। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को मुफ्त साथ ले जा सकते हैं।