रेवाड़ी। पायलट चौक स्थित रेजांगला पार्क में आर्मी एजुकेशनल कोर (एईसी) के भूतपूर्व सैनिकों ने 106वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुई। इस दौरान पिछले एक वर्ष में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
समारोह में पूर्व मेजर टीसी राव और केंद्रीय विद्यालय संगठन के कमिश्नर वरुण यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा सूबेदार नरेंद्र यादव एडवोकेट, सूबेदार अभय सिंह, सूबेदार ओमप्रकाश और सूबेदार महिपाल आदि पूर्व सैनिकों ने भी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सभी पूर्व सैनिक नारनौल रोड स्थित लक्ष्मी नगर के एक होटल पहुंचे, जहां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। पूर्व सैनिकों ने अपने परिवारों के साथ सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए और संगठन की परंपराओं को याद किया।
कार्यक्रम में सूबेदार रमेश चंद्र, वीरेंद्र सिंह, कंवर सिंह ने बताया कि आर्मी एजुकेशनल कोर की स्थापना 1 जून 1921 को हुई थी और यह भारतीय सेना की बौद्धिक एवं शैक्षणिक रीढ़ मानी जाती है। प्रतिवर्ष एईसी दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने में शिक्षित पूर्व सैनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आवश्यकता समझे तो एईसी के प्रशिक्षित भूतपूर्व सैनिक इस दिशा में सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
कार्यक्रम में सूबेदार दयानंद, सूरत सिंह, कृष्ण कुमार, सुभाष चंद्र सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार उपस्थित रहे। अगले वर्ष यह कार्यक्रम कोसली क्षेत्र में आयोजित करने की घोषणा भी की गई।