रेवाड़ी। जिले में अनाधिकृत रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए बुधवार को विशेष सर्च अभियान चलाया गया। स्पेशल सेल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम के साथ थाना सदर, जाटूसाना और रोहड़ाई क्षेत्र में अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ईंट-भट्ठों, झुग्गी-झोपड़ियों, होटलों, पोल्ट्री फार्मों और अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। पुलिस ने बाहरी श्रमिकों की जानकारी जुटाई, उनके पहचान पत्रों की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। साथ ही वाहनों के दस्तावेज भी चेक किए गए।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलता रहेगा। उन्होंने सभी मकान मालिकों और नियोक्ताओं से किरायेदारों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्यापन नहीं कराने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।