रेवाड़ी। मानसून के मद्देनजर शहर के बाजारों में रेनकोट, प्लास्टिक के जूते और चप्पलों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले ही अतिरिक्त स्टॉक मंगवा लिया था।
हालांकि कच्चे माल और परिवहन लागत में बढ़ोतरी के कारण इस बार कुछ सामानों के दाम बढ़ने की संभावना है। बारिश का सीजन शुरू होने के साथ ही इन उत्पादों की मांग लगातार बनी रहती है। यदि मानसून सामान्य या बेहतर रहता है तो आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। दुकानदार ग्राहकों की जरूरत के अनुसार विभिन्न रेंज और डिजाइन के उत्पाद उपलब्ध करा रहे हैं।
विज्ञापन
बावल चौक स्थित दुकानदार जगराम यादव ने बताया कि दुकान सीजनल है। पूरे शरीर को ढकने वाली प्लास्टिक शीट की कीमत गुणवत्ता और आकार के अनुसार 200 रुपये से लेकर 1 हजार रुपये तक है। अच्छी बारिश की उम्मीद के चलते इस बार शुरुआती दिनों से ही ग्राहकों की संख्या बढ़ी है।
भाड़ावास मार्ग के दुकानदार अमित गुप्ता ने बताया कि बारिश के मौसम में सबसे अधिक मांग रेनकोट की रहती है। बाजार में इन दिनों 300, 500 और 700 रुपये तक के विभिन्न गुणवत्ता वाले रेनकोट उपलब्ध हैं। इसके अलावा बारिश में उपयोग होने वाली प्लास्टिक की चप्पलें करीब 100 रुपये और प्लास्टिक के जूते 300 रुपये तक में बिक रहे हैं।