बावल। वार्ड नंबर 13 में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए गए वाटर टैंक के पानी को नंगली रोड पर डालने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के विरोध में वीरवार को नगर पालिका चेयरमैन व पार्षदों ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर लाइन को नहीं बदला गया तो सभी पार्षद बेमियादी धरना शुरू करेंगे।
लोगों को आरोप है कि क्षतिग्रस्त लाइन में से गंदा पानी घरों में जा रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वीरवार को नगर पालिका बावल के चेयरमैन बिरेंद्र महलावत के नेतृत्व में पार्षदों ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। चेयरमैन ने कहा कि जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री का गृह कस्बा होने के बाद भी यहां के लोग परेशानी झेल रहे हैं। वहीं, शहरवासियों ने कई बार उनके संज्ञान में यह मामला लाया हैै, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सात दिन में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उसके बाद सभी पार्षद अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
सीवर ओवरफ्लो होने का लगाया आरोप
नपा चेयरमैन एडवोकेट बिरेंद्र महलावत ने आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण बावल कस्बा के कई मोहल्लों में सफाई के अभाव में सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि शहरवासियों ने संबंधित अधिकारियों को भी कई बार शिकायत की है।