रेवाड़ी। विकास नगर स्थित ओलंपियाड शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 11वीं हरियाणा राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में जगह बनाई है। हरियाणा राइफल शूटिंग एसोसिएशन द्वारा नई दिल्ली के डॉ. करण सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद में आयोजित 5वीं प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया।
चयनित खिलाड़ी 2 जून से 12 जून तक तुगलकाबाद में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अकादमी से आशीष, प्रांजल, हमीर, रोहित, भावेश और जितेश ने विभिन्न वर्गों में चयन हासिल किया है। इसके अलावा ऋषि वर्ल्ड स्कूल, धारूहेड़ा के खेल प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ वर्ग के शूटर गोविंद शर्मा का भी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अकादमी से जुड़े प्रतिभावान शूटर दक्ष उप्पल भी प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अकादमी के प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है।