फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: आईटीआई में दाखिले के लिए 15 जुलाई तक ट्रेड का करें चयन, बाद में नहीं मिलेगा मौका

Fri, 03 Jul 2026 11:37 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
शहर स्थित आईटीआई संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया के तहत आवेदन का सत्यापन कराते विद्यार्थी। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए ट्रेड चयन का नए सिरे से शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अनुसार अब अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर उसे लॉक कर सकेंगे।
विज्ञापन

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई के बाद ट्रेड चयन में किसी भी प्रकार का संशोधन या नया विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले सभी विकल्पों का सावधानीपूर्वक चयन कर उन्हें लॉक करना होगा।
दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू हुई थी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए इसे बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया था।
विज्ञापन

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प उपलब्ध नहीं होने से अभ्यर्थी असमंजस में थे। अब विभाग की ओर से ट्रेड चयन का शेड्यूल जारी होने से अभ्यर्थियों को राहत मिली है और प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
-
दस सरकारी आईटीआई संस्थानों में 2,832 सीटें उपलब्ध
जिले के दस सरकारी आईटीआई संस्थानों में कुल 2,832 सीटें उपलब्ध हैं। निजी आईटीआई में करीब 2,500 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी में हैं। कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220, खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। लेदर एवं फुटवियर आईटीआई रेवाड़ी में 40 और सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।

इसी के आधार पर तैयार होगी मेरिट
विभाग के अनुसार ट्रेड चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जाएगी और उपलब्ध सीटों के आधार पर विभिन्न आईटीआई में सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसलिए सभी आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार ट्रेड का चयन कर पोर्टल को लॉक करना सुनिश्चित करें।
-
पोर्टल पर 12 जून से नहीं नजर आ रहा था ट्रेड चयन का विकल्प
आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन तो चल रहे थे लेकिन 12 जून के बाद कई दिनों तक पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा था। तकनीकी खामी के कारण अभ्यर्थी अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे थे। इसके कारण विद्यार्थियों ने विभाग से शिकायत करते हुए जल्द समाधान की मांग की थी। अब विभाग की ओर से ट्रेड चयन का शेड्यूल जारी किए जाने से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है और दाखिला प्रक्रिया के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद है।


वर्जन
सभी अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल पर अभ्यर्थी सभी उपलब्ध विकल्पों का चयन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ट्रेड चयनित करें। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन या नया विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा।- सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें