रेवाड़ी। सीवर ओवरफ्लो और दूषित जलापूर्ति से परेशान सेक्टर एक के लोगों ने समाधान शिविर में डीसी अभिषेक से मिलकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर परिषद से कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई।
नागरिकों ने डीसी अभिषेक से कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता है, तब तक टैंकर भेज कर सभी घरों में पेयजल उपलब्ध कराया जाए। डीसी ने आश्वासन दिया कि सीवर ओवरफ्लो और पेयजल आपूर्ति की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल किया जाएगा।
सेक्टरवासी पूर्व उपप्रधान अशोक राठी, हरिकृष्ण यादव बबलू, नारायण दास, डॉ. रामफूल, प्रिंसिपल हरिकिशन वशिष्ठ, सुधा देवी, उषा यादव, सुमन देवी, गुड्डी यादव, निशी रुस्तगी ने बताया कि सेक्टर-1 की लगभग 30 वर्ष पुरानी पेयजल आपूर्ति लाइन जगह-जगह लीक हो चुकी है, वहीं पुरानी सीवर लाइन ओवरफ्लो कर रही है।
सीवर का पानी पेयजल में मिश्रित हो रहा है जिससे घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। होली पार्क में तीन महीने से सीवर के पानी भरा है जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। सेक्टरवासी खरीदकर पानी पी रहे हैं।
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सभी सेक्टरवासी जिला सचिवालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे और उपभोक्ता अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे, जिसके लिए सेक्टर के अधिवक्ता दिनेश राव को अधिकृत किया गया है।