संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में लेबर कोर्ट और कंज्यूमर कोर्ट खोलने के लिए स्थान की तलाश जारी है। स्थान मिलते ही तत्काल प्रभाव से कोर्ट भवन निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। ये बातें विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मंगलवार को बार रूम में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं।
धन्यवादी दौरे के तहत पहुंचे विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अधिवक्ता वर्ग ने उनको वोट देकर देकर जो सम्मान दिया है, वह उनका ऋण कभी चुका नहीं सकते। शहर को साफ सुथरा बनाने के साथ वह विकास कार्य कराने के प्रयास में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें विरासत में शहर की कई समस्याएं मिली हैं। वह समस्याओं का निपटारा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की रीढ़ की हड्डी हैं। वह अधिवक्ता समाज की समस्याओं को समझते हैं।
संबोधन से पूर्व जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव, उप प्रधान कुसुम यादव, सचिव मनोज कुमार, सह सचिव मोनू कुमार और कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर विधायक का अभिवादन किया।
बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने चेंबर की चहारदीवारी कराने, पार्किंग में टाइल लगवाने, अधिवक्ता कल्याण कोष के लिए आर्थिक सहयोग देने, कंज्यूमर कोर्ट व लेबर कोर्ट को एक छत के नीचे लाने की मांग की।
विधायक ने कहा कि वह अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए पांच लाख रुपये की राशि अपने फंड से देंगे। पार्किंग और चहारदीवारी बनवाने की कार्रवाई पूरी करा दी गई है। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के सभी अधिवक्ता मौजूद रहे।