बावल। रेवाड़ी रोड पर जलियावास के पास गाय को बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। चालक सहित सभी लोग बाल-बाल बच गए।
सुबह के समय स्कॉर्पियो रेवाड़ी की ओर जा रही थी। अचानक सड़क पर सामने गाय आ जाने से चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगाते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। वाहन का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि वाहन में तीन-चार लोग सवार थे। सभी को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर आवारा पशु घूमते रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।