रेवाड़ी। जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को सफाई और बागवानी के लिए बजट की शेष राशि का इंतजार है। शिक्षा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इन कार्यों के लिए 36 लाख रुपये का बजट आवंटित किया था। इसमें से 18 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 18 लाख रुपये अभी मिलने बाकी हैं।
राशि जारी होने के बाद इसे संबंधित स्कूल मुखियाओं तक पहुंचाया जाना है। बजट मिलने के बाद विद्यालयों में साफ-सफाई, बागवानी, जल निकासी और जलभराव की समस्या के समाधान सहित अन्य जरूरी कार्य करवाए जाएंगे।
इसके अलावा स्कूल परिसर, छतों, शौचालयों और खेल मैदानों की सफाई पर भी राशि खर्च की जाएगी। इन कार्यों का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालयों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
हरियाणा सरकार की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई और बागवानी सहित विभिन्न कार्यों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय के अनुसार इन कार्यों के लिए प्रति विद्यालय प्रतिमाह आठ हजार रुपये की दर से बजट निर्धारित किया गया है।
जिन विद्यालयों में साफ-सफाई के लिए पार्ट टाइम वर्कर नियुक्त नहीं हैं, वहां भी इस राशि से आवश्यक कार्य करवाए जा सकते हैं। शेष राशि जारी होने के बाद स्कूलों में साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे विद्यालयों के परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।