संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। एसएमसी इंचार्ज अध्यापक मुकेश कुमार ने बताया कि एसएमसी अध्यक्ष दीपिका सोनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन समिति संयोजक प्राचार्य मनोज कुमार ने किया।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत देश के रक्षकों को सलाम नामक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत एसएमसी गांव के स्वतंत्रता सेनानियो, भूतपूर्व सैनिकों, कार्यरत सैनिकों की सूची तैयार कर सबसे उम्रदराज सैनिक, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना है।
एसएमसी सदस्यों के साथ बैठक कर गांव के सभी सैनिकों की सूची तैयार की गई। शीघ्र ही सभी सैनिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का अनुरोध पत्र भेजकर आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश के सैनिकों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उनको स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित कर उनके सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही देश के रक्षकों के प्रेरणादायक अनुभवों से विद्यार्थियों में अनुशासन, देश के प्रति समर्पण, नैतिकता आदि गुणों को विकसित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में मुख्य रूप से शिक्षाविद् दयाराम आर्य, एसएमसी उपाध्यक्ष मीनू देवी, एसएमसी सदस्य कैप्टन फकीर चंद, अन्नू कुमारी, पुष्पा देवी, प्रवक्ता मनोज कुमार, एबीआरसी दिनेश कुमार सहित अन्य एसएमसी सदस्य उपस्थित रहे।