रेवाड़ी। पंजाबी भवन के चुनाव में एडवोकेट सचिन मलिक तीसरी बार निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं। चुनाव अधिकारी सतीश कुमार जोशी की देखरेख में चुनाव हुआ। प्रधान सहित पूरी 21 सदस्यीय कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई। पिछले नौ वर्षों से संस्था का नेतृत्व कर रहे सचिन मलिक के खिलाफ इस बार भी किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पंजाबी भवन में खुशी का माहौल रहा। जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, पंजाबी समाज महिला मंच की पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी। उपस्थित लोगों ने कहा कि सचिन मलिक ने अपनी कार्यशैली और समाजसेवा के माध्यम से पंजाबी समाज के साथ सर्वसमाज में भी विशेष पहचान बनाई है।
चुनाव में नरेंद्र बतरा उपप्रधान, नरेश कालरा महासचिव, पीयूष अरोड़ा सहसचिव और रवि ठकराल कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। इसके अलावा चंद्रशेखर अरोड़ा, वेद प्रकाश कथूरिया, भीम गुलाटी, संजय बतरा, दुर्गेश अरोड़ा, सुभाष चुघ, मनीष चांदना, पवन धमीजा, नरेश गुलयानी, श्याम सुंदर चुघ, ललित सतीजा, राजेश अदलखा, डॉ. मनीष तनेजा, उज्जवल हंडूजा, संजय गेरा और अनिल मखीजा कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।
सचिन मलिक ने कहा कि समाज ने लगातार तीसरी बार जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। नई कार्यकारिणी के साथ सामाजिक सेवा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।