धारूहेड़ा। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर निखरी पुल पार करने के बाद खड़ी पिकअप को तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि एक अन्य युवक बाल-बाल बच गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पिकअप चालक की शिकायत पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बावल के मोहल्ला हसनपुरा निवासी पवन कुमार ने बताया कि वह बावल में नौकरी करता है। 9 अगस्त को वह पिकअप लेकर कंपनी के काम से भिवाड़ी जा रहा था। उसके साथ बिरसिंह और सुमित भी सवार थे। पिकअप सुमित चला रहा था।
करीब दोपहर 12 बजे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर निखरी पुल पार करने के बाद पिकअप में खराबी आ गई। इसके बाद पिकअप को सड़क के किनारे खड़ा कर तीनों नीचे उतरकर वाहन को देखने लगे। इसी दौरान जयपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने पिकअप और वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बस रुक गई और चालक सहित अन्य सवारियां नीचे उतरकर आईं। हादसे में पवन कुमार और सुमित घायल हो गए, जबकि बिरसिंह को चोट नहीं लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पवन कुमार को बयान देने योग्य पाए जाने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। इसके आधार पर थाना धारूहेड़ा में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच एसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है।