फोटो : 4रस्साकशी प्रतियोगिता में अपने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते खिलाड़ी। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। शिक्षा विभाग की ओर जिले के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें अंडर-11 आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताएं केवल शारीरिक कौशल तक सीमित नहीं रहीं बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खेलों के दौरान सूरज स्कूल, रेवाड़ी में आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में रेवाड़ी की लड़कों और लड़कियों की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए बावल की टीम को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजन में शामिल सभी खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को शिक्षा विभाग की ओर से बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस मौके पर खेल विभाग और शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे जिनमें सेवानिवृत्त फुटबॉल प्रशिक्षक जसवंत सिंह, सहायक खेल अधिकारी भूपेंद्र यादव, मौलिक शिक्षा खेल अधिकारी सुनील कुमार, फुटबॉल प्रशिक्षक चरण सिंह और संदीप, खेल प्रवक्ता प्रवीन अरोड़ा, डीपीई विक्रम, प्रवक्ता रवि, पीटीआई इंद्रजीत और डीपीई केहर सिंह प्रमुख रहे।
अगला पड़ाव: 22 अगस्त को फिर मुकाबला
22 अगस्त को 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों की ताइक्वांडो व 17 वर्ष आयु वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
-
वर्जन
शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी खेलों के मुकाबले शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। खेल समाप्त होने के तुरंत बाद सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। -भूपेंद्र यादव, सहायक शिक्षा खेल अधिकारी रेवाड़ी।