रेवाड़ी। सुशासन दिवस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने शनिवार को पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय सुशासन दिवस समारोह में रेवाड़ी जिला प्रशासन को सम्मानित किया। साथ ही अन्य जिलों को भी रेवाड़ी का अनुकरणीय बनने के लिए प्रेरित किया। डीसी यशेंद्र ने बताया कि महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट-स्वामित्व योजना में निभाई जिम्मेदारी पर रेवाड़ी को सम्मान मिला। जिला प्रशासन की ओर से जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया ने यह सम्मान मुख्यमंत्री से ग्रहण किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार मिले सम्मान अन्य योजनाओं में भी प्रशासन को ओर बेहतर करने की प्रेरणा दे रहे हैं। पंचकूला स्थित रेस्ट हाउस सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की ओर से जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया को सुशासन की दिशा में बढ़ाए गए कदम पर सुशासन सम्मान से नवाजा गया। डीसी यशेन्द्र सिंह ने राज्य स्तर पर स्वामित्व योजना के तहत मिले सम्मान पर सरकार का आभार व्यक्त किया।