एचसीएस में सफल संदीप को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया सम्मानित
- फोटो : संवाद
रेवाड़ी के बावल क्षेत्र के गांव नांगल शहबाजपुर निवासी संदीप कुमार पुत्र दिनेश कुमार सैनी ने एचसीएस में 44वीं एआईआर रैंक हासिल कर गांव व क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने संदीप कुमार को शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया है।
संदीप कुमार ने अपनी सफलता श्रेय माता-पिता और गुरु मास्टर लालचंद को दिया है। संदीप की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सैनी स्कूल से हुई। बाद में आईआईटी रोपड़ से उन्होंने बीटेक किया। मास्टर लालचंद सैनी ने बताया कि संदीप कुमार ने सीडीएस-2020 में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया था।
वह कॉलेज में चार बार बेस्ट एथलीट रहा। अब उसे एक्साइज एंड टैक्सेशन अधिकारी का पद मिला। संदीप ने प्रथम प्रयास में ही एचसीएस की परीक्षा पास की। संदीप की माता सरोज देवी गृहिणी और पिता दिनेश कुमार सेवानिवृति फौजी हैं।
संदीप कुमार ने बताया कि उनके ताऊ ने अनुशासन में रहते हुए लक्ष्य प्राप्ति का प्रयास करने का मंत्र दिया था। इसी की बदौलत सफलता मिली है। उनका अगला लक्ष्य आईएएस बनना है जिसका प्री क्लीयर कर चुका है। संदीप ने युवाओं को संदेश दिया है कि अनुशासन के साथ लगातार तैयारी करने से सफलता जरूर मिलेगी।