भिवाड़ी। भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआईआईए) ने बुधवार को बीआईआईए हाउस कहरानी में नई श्रम संहिताओं पर एक औद्योगिक संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में भिवाड़ी क्षेत्र की 50 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता मानव संसाधन विशेषज्ञ संदीप कुमार पुथल और विनय भांबरा ने नई श्रम संहिताओं की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों और उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभावों को विस्तार से समझाया।
विशेष रूप से वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता व व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
संदीप कुमार पुथल ने कहा कि नई संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्योगों को अपने एचआर सिस्टम, वेतन संरचना, श्रम अभिलेखों, डिजिटल अनुपालन प्रक्रियाओं और श्रमिकों से संबंधित दस्तावेजी व्यवस्था में जरूरी बदलाव करने होंगे।
उन्होंने कहा कि समय पर और सुव्यवस्थित अनुपालन से उद्योग अनावश्यक कानूनी परेशानियों से बच सकते हैं और श्रमिक-प्रबंधन संबंधों में सुधार संभव है। कार्यक्रम में बीआईआईए के अध्यक्ष प्रवीण लांबा, हरीश गौड़ के अलावा सुदांशु अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याओं और अनुपालन संबंधी जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा। विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों का विस्तार से समाधान किया और व्यावहारिक सुझाव दिए।