जिला नगरायुक्त दिनेश यादव द्वारा गठित टीम ने सोमवार को रेवाड़ी शहर में फल-सब्जी विक्रेताओं द्वारा लगाई गई रेट लिस्ट का अवलोकन किया। कई फल-सब्जी विक्रेताओं पर रेट लिस्ट नहीं मिलने पर फल-सब्जी विक्रेताओं को टीम ने रेट लिस्ट की सूची उपलब्ध करवाई।
नगरायुक्त ने गठित टीम को निर्देश दिए कि प्रतिदिन धारूहेड़ा, बावल व रेवाड़ी कस्बा में दुकानों का निरीक्षण करें। दुकानों के बाहर रेट लिस्ट देखें कि लिस्ट दुकान पर लगाई हुई है अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि दुकानदार दुकानों पर आए हुए ग्राहकों को बिल अवश्य दें व वजन सही हो टीम यह भी सुनिश्चित करें। डीएमसी ने कहा कि जो दुकानदार बिल नहीं देता है तथा सामान का वजन कम पाया जाता है तो कार्रवाई करें। नगर आयुक्त ने कहा कि रेट व तोल के निरीक्षण के लिए टीम अब रोजाना औचक निरीक्षण करेगी। डीएमसी ने कहा कि यदि कोई दुकानदार सरकार द्वारा निर्धारित रेट से अधिक वसूलता है तो उसकी शिकायत 1950 पर करें। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों व सब्जियों के रेट दुकानदारों को निर्धारित किए गए हैं तथा दुकानों पर चस्पा करने के निर्देश भी हैं। जो भी दुकानदार कालाबाजारी करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।