संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास से 23 फरवरी को कुतुबपुर निवासी रेलवे कर्मी गौरव का गन पॉइंट पर अपहरण करने और अंगूठी व चेन गिरवी रखवाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तावडू बैंक कॉलोनी निवासी शेखर, सोनीपत के खरखौदा निवासी अर्जी उर्फ हरजीत और महेंद्रगढ़ के माता मसानी चौक निवासी अंकित को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल व 10 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार रेल विभाग में कार्यरत कुतुबपुर निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 23 फरवरी को दोस्तों के साथ कार से अलवर में शादी में भाग लेने गए थे। अलवर से लौटने के बाद वह रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर दोस्तों को छोड़कर घर लौट रहे थे। रेलवे स्टेशन से कुछ दूर चलने पर लघुशंका के लिए गाड़ी रोक दी। इसी दौरान 4 सशस्त्र युवकों ने हथियार दिखाकर उनको गाड़ी में बैठा लिया। उसी की गाड़ी में बंधक बनाकर उससे पैसे की मांग की गई। जब उसने बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं, तो उससे दोस्तों से पैसे मंगवाने के लिए कहा गया। उसके दो दोस्तों ने 10 हजार और 5 हजार रुपये उसके पास ट्रांसफर कर दिए। जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी पूजा ने 25 फरवरी को रामपुरा पुलिस थाने में उसके लापता होने का केस दर्ज कराया था। 28 फरवरी को वह लौटकर आया और थाना रामपुरा पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
पटौदी ले जाकर गिरवी रखवाए जेवर
गौरव के अनुसार बदमाशों ने उससे सोने की चेन, अंगूठी व एटीएम कार्ड छीन लिए। बाद में उसे पटौदी ले जाकर चेन व अंगूठी 70 हजार रुपये में गिरवी रखवा दिए। पैसे लेकर यह लोग उसे राजस्थान के अलवर और जयपुर की ओर ले गए। अलवर के पूरब गांव के पास इन लोगों ने एक लूट के इरादे से एक कार चालक पर गोली चलाई, जबकि जयपुर के आगरा रोड पर भी स्विफ्ट कार चालक पर फायर किया। आरोपी उसे 28 फरवरी की रात रेलवे स्टेशन के पास ही उसे गाड़ी सहित छोड़कर फरार हो गए।
सीआईए ने हथियारों के साथ पकड़े
रामपुरा पुलिस थाने में गौरव के बयान दर्ज होने के बाद सीआईए की टीमें हरकत में आ गई। सीआईए ने इस मामले में तावडू बैंक कॉलोनी निवासी शेखर, सोनीपत के खरखौदा निवासी अर्जी उर्फ हरजीत व महेंद्रगढ़ के माता मसानी चौक निवासी अंकित को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल व 10 कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों को कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके एक अन्य साथी की भी तलाश की जा रही है। दूसरी ओर गौरव के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।