रेलमंत्री अश्विन वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन अनुरूप रेल मंत्रालय छोटे व्यापारी, छोटे किसान व छोटे उद्यमियों के लिए सुगम साधन की व्यवस्था करने के लिए कृत संकल्प है। रेल मंत्रालय गति शक्ति विजन के तहत छोटे कंटेनर के माध्यम से किसानों व उद्यमियों को व्यापार की व्यवस्था सुगम तरीके से प्रदान करना सुनिश्चित कर रहा है। ताकि किसान अथवा छोटा उद्यमी छोटे कंटेनर के माध्यम से अपनी फसल व अपने उत्पाद को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बिक्री के लिए सुगमता से ले जा सके।
कंटेनर निर्माण प्रक्रिया का जायजा लेते हुए रेल मंत्री अश्विन वैष्णव ने कहा कि गति शक्ति विजन के तहत रेल-रोड-जल मार्ग से सुगम तरीके से सामान का ट्रांसपोर्ट व्यवस्थित ढंग से हो, इसके लिए सरकार की ओर से व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामडिय़ा ठेठर में कंटेनर निर्माण कंपनी द्वारा छोटे कंटेनर की नवाचार पद्धति को तैयार किया गया है। इस छोटे कंटेनर में 32 टन सामान आ सकता है। ऊपरी भाग से लोडिंग व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के काठूवास का भी वे दौरा कर रहे हैं, जहां ढाई टन क्षमता का सामान देश के एक कोने से दूसरे कोने में ले जाने का माध्यम छोटा कंटेनर तैयार किया गया है।
रेलमंत्री ने कहा कि विश्व में सभी स्थानों पर कंटेनर के माध्यम से सामान भेजे जा रहे हैं। इसका काफी प्रचलन हो चुका है। यहां मानक के अनुरूप कंटेनर का साइज तैयार किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि देश में जरूरत अनुसार अनेक ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है, किंतु हाल ही में कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर सावधानी बहुत जरूरी है। ऐसे में अभी कोरोना गाइडलाइन की अनुपालना करते हुए सुरक्षात्मक तरीके से ट्रेन संचालित हो रही हैं और कोरोना संक्रमण फैलाव के दृष्टिगत मंत्रालय स्तर पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।