रेवाड़ी। जिला रेवाड़ी में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2021 (एचटेट) के लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई। परीक्षा पहले दिन 4116 अभ्यर्थियों में से 3733 ने परीक्षा दी, जबकि 383 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एचटेट के लिए जिले में 13 जगहों पर 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी की गई हिदायतों व कोविड-19 नियमों की पूर्ण रूप से पालना करते हुए कड़ी जांच और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही परीक्षार्थियों को सेंटर हॉल में इंट्री दी गई।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के अलावा प्रशासन के अधिकारी भी तैनात रहे। कई लेवल पर जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया और उन्हें कोई भी सामान साथ ले जाने की छूट नहीं दी गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के दृष्टिगत वीडियोग्राफी, बॉयोमैट्रिक और सीसीटीवी आदि की पूर्ण व्यवस्थाएं की गई ।
डीसी ने बताया कि 19 दिसंबर, रविवार को दो चरणों में एचटेट होगी। इसके लिए भी जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को पहले चरण में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा सुबह 10 से 12:30 बजे तक तथा दूसरे चरण में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा सायं 3 से 5:30 बजे तक आयोजित होगी।
---------------------
परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पहले तक मिला प्रवेश
पहले दिन लेवल-तीन पीजीटी की सायंकालीन सत्र में तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक परीक्षा संपन्न हुई। वहीं दूसरे दिन लेवल एक-पीआरटी और लेवल दो-टीजीटी की सुबह 10 से साढ़े 12 बजे तक तथा दूसरे सत्र में दोपहर बाद तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा आरंभ होने के एक घंटा पहले तक ही केंद्र में प्रवेश अभ्यर्थियों को प्रवेश मिला।
-----------------
परीक्षा केंद्र पर इन वस्तुओं की रही अनुमति
परीक्षा के दौरान महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिंदी और सिंदूर लगाने की ही छूट रहीं। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की अनुमति थी। इस दौरान अंगूठी, चेन, बालियां, हार, लटकन, नोज पिन, ब्रोच आदि जैसे सभी गहने, किसी भी धातु की वस्तु, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, पेजर, ब्लूटुथ, ईयर फोन, कैलकुलेटर, घड़ी, पर्स, लाग टेबल, हेल्थ बैंड, कागज आदि ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।