आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की कड़ी में प्रदेश में 4 से 13 जून तक प्रस्तावित खेलो इंडिया यूथ गेम्स - 2021 को सफल बनाने के लिए हर जिले में राहगीरी रिले कार्यक्रम होंगे। यह कार्यक्रम रेवाड़ी में 13 मई को होगा। अधिकारी इसके बेहतर आयोजन को सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित कुमार अग्रवाल के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इन खेलों को लेकर समीक्षा बैठक के बाद एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने ये निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन खेलों में खिलाड़ियों सहित दर्शकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह राहगीरी कार्यक्रम किया जाएगा। राहगीरी रिले कार्यक्रम में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा ताकि नागरिक इन खिलाड़ियों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 प्रदेश के लिए एक बड़ा खेल आयोजन है। ऐसे में राहगीरी रिले कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में जबरदस्त उत्साह का संचार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स-2021 में 25 तरह के खेल मुकाबले होंगे। राहगीरी के दौरान जिलों में खेले जाने वाले गतका, मलखम और योगासन जैसे पारंपरिक खेलों में से कम से कम एक खेल का आयोजन जरूर कराया जाएगा। जल्द राहगीरी कार्यक्रम के लिए ऐसा स्थान निर्धारित किया जाए, जहां लोगों की अच्छी आवाजाही रहे।
वीसी में वरिष्ठ अधिकारी अग्रवाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत 4 जून से 13 जून तक खेल मुकाबले कराए जाएंगे। इन राहगीरी कार्यक्रमों के आयोजन का मकसद लोगों को इन खेलों के प्रति जागरूक करना है। इस बार हरियाणा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स खेलों के आयोजन की मेजबानी मिली है। उन्होंने कहा कि खेल ऐसी चीज है, जो जनमानस को जोड़ता है, प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलंपिक में 50 प्रतिशत से अधिक पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने का काम किया है।
महानिदेशक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स की भव्यता को बढ़ाने के लिए व लोगों को इन गेमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर जिले में मुख्यालय द्वारा एक वीडियो वैन भेजी जाएगी, जिसमें खेलों इंडिया के तहत यूथ गेम्स से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ सेल्फी प्वाइंट भी लगाए जायेंगे। बैठक में डीएमसी भारत भूषण गोगिया, एसडीएम बावल संजीव कुमार, सीटीएम देवेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।