कैशलेस प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए नप चेयरपर्सन विनीता पीपल और एसडीएम कुशल कटारिया ने नगर परिषद रेवाड़ी कार्यालय में संयुक्त रूप से पीओएस मशीन का बटन दबाकर कैशलेस भुगतान की शुरूआत की। इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में लगने वाली पीओएस मशीनें बिना नकद भुगतान को बढ़ावा देने के लिए फायदेमंद होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को सशक्त व मजबूत बनाने के लिए कैशलेस ट्रांजेक्शन अर्थात बिना नकद भुगतान की प्रणाली अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन करना उतना ही आसान है जितना कि एक मोबाइल फोन से एसएमएस भेजना। उन्होंने कहा कि नगर परिषद कार्यालय में पीओएस मशीन लगने के बाद नप संबंधी कार्यों के लिए अब हर व्यक्ति पीओएस मशीन के जरिए भुगतान कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह प्रणाली एक प्रकार से मोबाइल वॉलेट के समान कार्य करेगी। व्यक्ति नकदी के बिना ही अपने सभी कार्य आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली में व्यक्ति को पीओएस मशीन में अपना आधार नंबर भरने के बाद अपनी उंगलियां या अंगूठा लगाना पड़ेगा, उसके बाद ही ट्रांजेक्शन हो पाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम कुशल कटारिया ने कहा कि जनता को कैशलेस प्रणाली का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इतना ही नहीं सरकार द्वारा एक वेेबसाइट बनाई गई है। इससे जुड़कर व्यक्ति 24 दिसंबर को निकाले जाने वाले लकी ड्रा में शामिल होकर ईनाम जीत सकेंगे।
उन्होंने कहा कि देश व हरियाणा प्रदेश अब कैशलैस इकानामी की तरफ बढ़ रहा है, ऐसे में समय के साथ चलने के लिए सभी को कैशलैस लेनदेन के तरीके अपनाने पड़ेंगे। उन्होंने सभी विभागों से कहा कि उनके विभाग में आने वाले लोगों को कैशलेस लेन देन के बारे मेें प्रेरित करें।
साथ ही दुकानदारों, व्यापारियों व अन्य प्रतिष्ठानों को स्वाइप मशीन खरीदने के लिए कहें। इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. जे.एल दिवेदी, पार्षद गुरूदयाल नंबरदार, सुमेर यादव, बलजीत सिंह यादव, पूर्व प्रधान हरीश अरोडा, एडवोकेट नरेन्द्र पीपल, ओपी सैनी, कमल शर्मा, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक मुकेश गुप्ता, रवि यादव, रामफल, रामअवतार छाबडी, इन्दू मुरली, सलेन्द्र सतीजा, एओ नरेन्द्र, पूर्व पार्षद प्रदीप भार्गव सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।