रेवाड़ी। बावल स्थित इंडेन गैस एजेंसी संचालक से गैस सिलिंडर लेने के बाद 46 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में कसौला थाना पुलिस ने कंपनी के दूसरे निदेशक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के न्यू रोहतक रोड निवासी राजीव कुमार जैन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस एक आरोपी गुरुग्राम के सेक्टर-53 निवासी अरविंद कुमार जैन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस को दी शिकायत में बावल स्थित इंडेन गैस एजेंसी के संचालक चांदबीर ने कहा था कि उनकी एजेंसी ने किरण उद्योग प्राइवेट लिमिटेड को कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए थे। कंपनी के निदेशक दिल्ली के न्यू रोहतक रोड निवासी हिमांशु जैन, विवेक जैन, राजीव जैन व गुरुग्राम निवासी अरविद कुमार जैन ने गैस सिलिंडर की लाखों रुपये की पेमेंट नहीं की थी। जब वह भुगतान के लिए कंपनी में गए तो उनके साथ मारपीट की गई, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी।
शिकायत के बाद आरोपियों ने उन्हें बुलाया तथा सिलिंंडर की सारी पेमेंट करने का आश्वासन देते हुए 46 लाख 49 हजार 488 रुपये का चेक दिया था। चेक पर 31 दिसंबर 2020 तारीख लिखी थी। जब वह चेक लेकर बैंक पहुंचे तो पता लगा कि आरोपियों ने एक दिन पहले ही खाता बंद करा दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। संवाद