ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते पुलिसकर्मी। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। नशा मुक्त रेवाड़ी अभियान के तहत जिला पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने बुधवार को गांव देहलावास और गुलाबपुरा में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए नुकसानदायक है। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेल और अपने लक्ष्य पर ध्यान देने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों को अभियान से जुड़ने और नशामुक्त रेवाड़ी बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। टीम ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते संदिग्ध लेनदेन पर कार्रवाई हो सके।
पुलिस टीम ने हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना देने को कहा।
नशा बेचने या करने वालों की जानकारी पुलिस थाना अथवा मानस हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने अभियान का स्वागत करते हुए नशामुक्त और सुरक्षित रेवाड़ी बनाने का संकल्प लिया।