फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी आज रेवाड़ी में जनसभा को करेंगे संबोधित

विज्ञापन
रैली स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्था। - फोटो : Rewari
विज्ञापन
दक्षिण हरियाणा में 12 विधायकों में से चार के टिकट कटने के बाद बदले सियासी माहौल को भाजपा के पक्ष में करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को शहर के हुडा मैदान में दोपहर दो बजे रैली को संबोधित करेंगे। इसमें वह पार्टी के 8 उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे। बता दें कि 21 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है।
विज्ञापन

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनने से पहले गुजरात के सीएम रहते हुए मोदी ने 16 सितंबर 2013 को हुडा मैदान से पूर्व सैनिक व अर्ध सैनिक बलों की रैली की थी। इसी दिन मोदी का नाम भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए नामित हुआ था। ऐसे में मोदी रेवाड़ी में 6 साल बाद उसी मैदान से दक्षिण हरियाणा की हवा को विजय संकल्प रैली के माध्यम से भाजपा के पक्ष में करने का प्रयास करेंगे। मोदी दोपहर 2 बजे मंच पर पहुंचेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान रेवाड़ी जिले की रेवाड़ी, बावल व कासेली, गुरुग्राम की सोहना, पटौदी व बादशाहपुर वहीं महेंद्रगढ़ जिले के अटेली व नारनौल उम्मीदवार भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर 1 बजकर 55 बावल रोड स्थित नई सब्जी मंडी में लैंड करेगा। उसके बाद वह वाहनों के जरिए 2 बजकर 5 मिनट पर रैली स्थल पहुंचेंगे। रैली की तैयारियां के बीच शनिवार को एसपीजी के पुलिस अधीक्षक विकास ने आला अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी यशेन्द्र सिंह, एसपी नाजनीन भसीन, एडीसी प्रदीप दहिया मौजूद रहे। शाम के समय रेवाड़ी रेंज के एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा ने भी रैली स्थल का निरीक्षण किया।
मंच पर पीएम के साथ सीएम और विस प्रत्याशी रहेंगे
करीब 48 फीट चौड़ा व 10 फीट ऊंचा मुख्य मंच बनाया गया है। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह, सीनियर पदाधिकारी व रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़ तथा गुरुग्राम की 8 सीटों के प्रत्याशी रहेंगे। पंडाल व मंच के बीच में काफी जगह खाली छोड़ी गई है, जहां सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
विज्ञापन

6 आईपीएस व एक दर्जन से ज्यादा एचपीएस किए तैनात
रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साउथ रेंज रेवाड़ी के अधीन आने वाले पलवल, महेन्द्रगढ़ व रेवाड़ी जिले के एसपी की तैनात तो पंडाल में होगी ही। साथ ही प्रदेश के तीन अन्य सीनियर आईपीएस ऑफिसरों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा डीएसपी रैंक के पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं करीब एक हजार से ज्यादा पुलिस के जवानों की तैनाती अकेले हुड्डा मैदान में रहेगी।
भीड़ के बीच सादी वर्दी में होंगे कमांडो
करीब 75 हजार लोगों की भीड़ के बीच 50 एनएसजी कमांडो के अलावा सैकड़ों हरियाणा पुलिस के कमांडो सादी वर्दी में तैनात रहेंगे। भीड़ के बीच किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए कमांडो की पैनी नजर भीड़ में बैठे हर एक व्यक्ति पर होगी।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
जनसभा में आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था तीन जगह पर की गई है। शहर के सेक्टर 18, बावल रोड पर अनाज मंडी एवं वीआईपी लोगों के वाहनों के लिए रणवीर सिंह हुड्डा चौक के समीप हुड्डा मैदान में की गई है।
बावल रोड रहेंगे बंद, गढ़ी बोलनी रोड से निकाला जाएगा ट्रैफिक
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बावल रोड पर यातायात बाधित रहेगा। बावल रोड की ओर से आने वाले ट्रैफिक को रोककर गढ़ी बोलनी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बावल रोड पर दोपहर करीब 12 बजे यातायात बंद कर दिया जाएगा।
मोदी के भाषण में एम्स व अहीर रेजिमेंट पर भी नजर
प्रधानमंत्री ने एम्स निर्माण के लिए लोकसभा चुनाव से पहले कुरुक्षेत्र की रैली में मनेठी में एम्स निर्माण की घोषणा की थी। लेकिन वन विभाग की अड़चन के बाद इस पर रोक लगी हुई है और काम शुरू नहीं हो सका। ऐसे में शनिवार को होने वाली रैली के दौरान क्या प्रधानमंत्री मनेठी एम्स पर कुछ बोलते हैं, सबकी नजर रहेगी। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा की ओर से अहीर रेजिमेंट की बड़ी मांग है। बीते दिनों ही डॉ. ईश्वर यादव व प्रो. आरएस यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर अहीर रेजिमेंट बनाने की मांग को उठाया था। ऐसे में वीरों की धरती माने जाने वाले अहीरवाल की नजर इस मुद्दे पर भी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें