रेवाड़ी। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत एमआईएस व एएचएचएम पोर्टल पर रिपोर्टिंग में लापरवाही पर हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग सख्त हो गया है।
शिक्षा निदेशक ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक की मासिक एमआईएस रिपोर्ट व दैनिक एएचएचएम रिपोर्टिंग शत प्रतिशत पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
जारी पत्र में यह भी बताया गया है कि पिछले महीनों में केंद्र सरकार की ओर से कई बार यह आपत्ति जताई गई कि हरियाणा के कुछ जिलों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में एएचएचएम रिपोर्टिंग समय पर नहीं हो रही है।
कई स्कूलों की ओर से नॉन एवेलेबिलिटी ऑफ फूड ग्रेन्स रिपोर्ट भी गलत तरीके से भरी जा रही है जबकि वास्तविकता में खाद्यान्न उपलब्ध रहता है। इससे राज्य की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि केंद्र सरकार प्रतिमाह की रिपोर्टिंग के आधार पर राज्यों को बजट और खाद्यान्न आवंटित करती है। ऐसे में एमआईएस एवं एएचएचएम पोर्टल पर जानकारी गलत या अधूरी रहने से पूरे जिले के बजट पर असर पड़ सकता है।
जिले में भी कुछ स्कूलों की रिपोर्टिंग अधूरी मिली है जिस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से तलब करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन दिया जाता है। जिले के 638 विद्यालयों में 30 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलता है।
1 से 10 दिसंबर के बीच पोर्टल पर करना होगा डाटा अपलोड
निर्देशों के अनुसार, सभी एईएस, पीईएस और जिला शिक्षा अधिकारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिले के सभी विद्यालय समय पर पोर्टल पर रिपोर्ट भरें। खासतौर पर 1 से 10 दिसंबर के बीच की एमआईएस मासिक रिपोर्ट किसी भी स्थिति में लंबित न रहे। इसके अलावा, हर कार्य दिवस पर की जाने वाली एएचएचएम रिपोर्टिंग शत प्रतिशत पूरी होनी चाहिए। यदि किसी भी स्कूल में लापरवाही पाई गई तो संबंधित मुख्याध्यापक, एसएमसी और ब्लॉक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। यहां तक कि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर जिले की रैंकिंग और निरीक्षण रिपोर्ट पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।
-
वर्जन
पीएम पोषण एक महत्वपूर्ण योजना है जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। विभाग के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, मुख्याध्यापकों और संबंधित स्कूल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि 1 से 10 दिसंबर तक की एमआईएस मासिक रिपोर्ट और दैनिक एएचएचएम रिपोर्टिंग हर हाल में समय पर और सटीक रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए।
-अली अहमद, जिला इंचार्ज, मिड-डे मील योजना