कोसली। इष्ट देवता बाबा गंगापुरी महाराज के वार्षिक महोत्सव के अवसर पर नाहड़ स्थित बाबा गंगापुरी सेवा समिति की तरफ से आयोजित दो दिवसीय मेला एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि कोसली के विधायक अनिल यादव रहे। अध्यक्षता गांव के सरपंच महेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर विधायक अनिल यादव ने आयोजन समिति को अपने निजी कोष से 11 हजार रुपये तथा गांव के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
55 किलोग्राम भार वर्ग की नेशनल कबड्डी, नेशनल ओपन कबड्डी, बुजुर्गों की दौड़, महिलाओं की मटका दौड़ तथा सैमिंग वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में बारूराम रीढाना (जिला सोनीपत) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हमीदपुर बहरोड़ की टीम दूसरे स्थान पर रही। बाबा गंगापुरी ए टीम ने तीसरा तथा जाट कॉलेज हिसार ने चौथा स्थान हासिल किया।
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा गंगापुरी महाराज की समाधि पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया, प्रसाद चढ़ाया और दाल-बाटी-चूरमा का प्रसाद ग्रहण किया।
महिलाओं की मटका दौड़ में रीना प्रथम:
महिलाओं की मटका दौड़ में रीना प्रथम, संतोष द्वितीय, मीलो तृतीय और सरिता चतुर्थ स्थान पर रहीं। बुजुर्गों की दौड़ में गिरवर (कोटपूतली) ने प्रथम, सतपाल (हिसार) ने द्वितीय तथा रामफल (बगवाड़) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों में सुनीता प्रथम, सोनिया द्वितीय, तन्नू तृतीय और वशीका चौथे स्थान पर रहीं। वालीबॉल प्रतियोगिता में झाल प्रथम, बहू द्वितीय, गांव लाड़ तृतीय और दुल्हेड़ा चौथे स्थान पर रहा।