मेडल मिलने के बाद खुशी जाहिर करते खिलाड़ी। स्रोत : कोच
कुंड। डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद (नई दिल्ली) में आयोजित 6वीं नेशनल पैरा शूटिंग चैंपियनशिप और 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में रेवाड़ी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। निशा कंवर और सृष्टि अरोड़ा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल चार स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
कोच विजय कुमार बताया कि राष्ट्रीय पैरा शूटिंग प्रतियोगिता में सृष्टि अरोड़ा ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल अपने नाम किए। वहीं, निशा कंवर ने भी मुकाबलों में शानदार संयम और कौशल दिखाते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी की सफलता में अहम योगदान दिया। इसके अलावा अकादमी के खिलाड़ी हर्षित सिंह ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
पदक जीतने के बाद खिलाड़ियों ने पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ राहुल स्वामी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतियोगिता से लौटने पर कोच विजय कुमार ने अपने गांव खालेटा स्थित हनुमान मंदिर में खिलाड़ियों को बाबा सागर वाले और बजरंगबली का आशीर्वाद दिलवाया। इस अवसर पर ग्रामीणों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में संतोष कुमार, पंच मनोज, दलीप शर्मा, प्रियांश, अजय, पूर्ण मुदगिल, पार्थ कौशिक, मीना देवी, सुनीता देवी, भगवती देवी, ललिता देवी उपस्थित रहीं।