संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मछलियों से भरी एक पिकअप गाड़ी बावल के साबन पुल के पास अचानक पलट गई। हादसे में करीब 100 किलो मछलियां सड़क पर बिखर गईं और दम तोड़ दिया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी दिल्ली से मछलियां लेकर अलवर जिले के नीमराणा के लिए निकली थी। इसमें करीब तीन लाख रुपये की मछलियां भरी हुई थीं। सुबह लगभग 6 बजे चालक का वाहन पर संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना वह मछली मालिक को देकर मौके से चला गया।
इस बीच हाईवे पर जाम लग गया। गश्त कर रही डायल-112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को एक साइड से निकालना शुरू किया और धीरे-धीरे जाम खुलवाया।
करीब डेढ़ घंटे तक मछलियां सड़क पर पड़ी रहीं, जिससे लगभग सभी मछलियों की मौत हो गई। बाद में मछलियों का मालिक अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचा और उन्हें समेटकर पेटियों में भरकर ले गया।
-
सारी मछलियां मर गई : आस मोहम्मद
नीमराणा से पहुंचे आस मोहम्मद ने बताया कि पिकअप में रोहू, मांगुर, पंकाज और रूप चंदा प्रजाति की मछलियां भरी हुई थीं। हादसे के बाद ज्यादातर मछलियां मर गईं, जबकि कुछ मछलियां लोगों ने उठा लीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मदद की। जब तक मछलियां सड़क से हटाई नहीं गईं, तब तक पुलिस टीम मौके पर तैनात रही, जिससे काम आसान हो गया।पिकअप ड्राइवर दिल्ली का रहने वाला है। बावल थाना पुलिस का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई थी, जिसके चलते यह घटना हुई।