बावल। कसौला थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार फोटोग्राफर को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मृतक के चचेरे भाई अनिल कुमार की शिकायत पर कसौला थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बूढ़ी बावल निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उसका चचेरा भाई श्रीभगवान खुशखेड़ा स्थित राजस्थान की एक कंपनी में काम करता था। इसके साथ ही वह फोटोग्राफी का कार्य भी करता था। कंपनी में छुट्टी होने के बाद वह फोटोग्राफी के काम से बाइक पर सवार होकर रेवाड़ी जा रहा था।
इसी दौरान कसौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्रीभगवान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अनil कुमार ने बताया कि श्रीभगवान अपने पीछे पत्नी और करीब छह वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। कसौला थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।