खोल। डहीना-जैनाबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित कॉलोनी के घरों में पिछले छह माह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों में रोष है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब उन्होंने स्वच्छ पेयजल की मंाग के लिए सीएम विंडो पद शिकायत दर्ज कराई है। इसके अलावा विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर पाइप लाइन ठीक कराने की मांग की है।
ग्रामीण संजय, लीलू, रमेशचंद्र, सुरेंद्र, धर्मेंद्र, कसमीर, रामधन गोयल आदि ने बताया कि डहीना-जैनाबाद रेलवे स्टेशनके पास स्थित बस स्टेशन पर रिहायशी कॉलोनी है। इस बस स्टैंड पर डहीना के सरकारी ट्यूबवेल से पानी सप्लाई होता है। लेकिन पिछले 6 माह से इस पाइप लाइन में पानी गंदा व दुर्गंधमय आ रहा है जो न ही पीने लायक है और न ही नहाने व धोने लायक।
उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को लिखित देकर पाइप लाइन ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि साफ पानी नहीं आने के कारण वे आरओ का कैंपर और बाजार से बोतल खरीदकर पानी पी रहे हैं। उन्होंने बताया कि डहीना से सप्लाई होना वाला यह पानी डहीना-जैनाबाद के दोनों बस स्टेंडों व घरों में जाता है।