रेवाड़ी। नगर परिषद की टीम सोमवार को कृष्णा नगर में नाले के ऊपर बने अतिक्रमण को तोड़ने पहुंची। विरोध की उम्मीद के चलते साथ में मॉडल टाउन का पुलिस बल भी साथ में था। जिस बात की उम्मीद थी वह हुआ भी। नाले पर बने पक्के कब्जे हटाने पहुंची टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। एक-दो बार हाथापाई की नौबत आ गई, तो एक बार तो टीम के सामने गायों को भी खोल दिया गया। इस पर नगर परिषद कर्मचारियों और पुलिस कर्मचारियों को इधर-उधर भागना पड़ा। हालांकि लोगों का विरोध उनके कब्जे हटाने को लेकर नहीं था। उनका कहना था कि उनका अतिक्रमण बाद में तोड़ो। अगर दम है तो पहले कई मीटर पक्का कब्जा किए नगर पार्षद विजय राव के अतिक्रमण को हटाकर दिखाओ। टीम ने मौके पर नप पार्षद विजय राव का कच्चा कब्जा तोड़ा। करीब तीन ढाई घंटे से ज्यादा चले अभियान में कृष्णा नगर से राजीव नगर सेक्टर-4 तक लोगों के घरों के आगे बने पक्के कब्जे हटाए गए।
---------
गायों को छोड़ा तो भागी टीम
विरोध के बीच एक वक्त ऐसा भी आया, जब महिलाएं हाथ में ईंट-पत्थर लेकर खड़ी हो गईं। दो-तीन बार पीले पंजे के आगे ही धरना देकर बैठ गईं। हालांकि इस दौरान किसी तरह की हिंसा नहीं हुई। इसी दौरान किसी ने नाले के बीच ग्रीन बेल्ट पर बंधी गायों को खोल दिया। भीड़ देखकर भड़की कुछ गायें बिदक गईं। ऐसे में मौके पर मौजूद पुलिस बल के साथ ही आए कुछ अधिकारियों, पत्रकारों और मूकदर्शकों को भी भागना पड़ा।
---------
विधायक से भी कराया फोन, नहीं बनी बात
कब्जे हटाए जाने के दौरान कुछ लोगों ने रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास से भी बात करा अतिक्रमण रोकने की कोशिश की। इस पर नप ईओ अरविंद बाल्याण कुछ देर के लिए ठिठके भी लेकिन बाद में थाना इंचार्ज कर्मबीर खटाना और ड्यूटी मजिस्ट्रेट से परामर्श करने के बाद उपायुक्त के आदेशों का हवाला देते हुए दोबारा कब्जे तुड़वाने में जुट गए। इसी बीच विधायक ने दोबारा फोन कर अवैध कब्जे तोड़ते हुए उचित कार्रवाई करने की बात भी अधिकारियों से की।
----------
नहीं हुई सुनवाई तो हो गई हाथापाई
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से लोगों ने कहा कि पार्षद विजयराव ने सैकड़ों फुट का कब्जा कर रखा है लेकिन सत्ता में होने के चलते उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। पहले उसका कब्जा तोड़ो। इधर प्रशासन लाइन से कार्रवाई की बात पर अड़ा था। इसी बात पर कुछ महिलाओं और नप टीम के कर्मियों की धक्कामुक्की शुरू हो गई, जो कुछ पल के लिए हाथापाई में बदल गई। हालांकि पुलिस बल ने जल्द ही स्थिति को संभाल दिया।
---------
नप सफाई कर्मियों से घर के काम कराता है पार्षद
स्थानीय विमला देवी, संजोगिता, पपली, बाला, कृष्णा शर्मा आदि का यह भी आरोप था कि नगर परिषद पार्षद विजय राव अपने घर में नप के सफाई कर्मियों से काम कराते हैं। यही नहीं नगर परिषद में अपने रसूख के चलते आए दिन स्थानीय लोगों को परेशान भी करवाया जाता है।
---------
अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के पूरी तरह पक्ष में हैं। संबंधित विभाग पैमाइश के हिसाब से सारे कब्जे हटाए। मुझे कोई एतराज नहीं है और न ही मैंने आज कोई विरोध किया है।
-विजय राव, नगर पार्षद
----------
शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वाला चाहे कोई भी हो, विभाग नियमानुसार अपनी कार्रवाई करेगा।
-अरविंद बाल्याण, ईओ, नगर परिषद