रेवाड़ी। सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) विद्यार्थियों के निजी स्कूलों में दूसरी से बारहवीं कक्षा में दाखिले कराने के लिए आरंभ की गई चिराग योजना में शुक्रवार को आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। शुक्रवार को अंतिम दिन तक जिले में 440 सीटों पर महज 40 आवेदन आए हैं। जहां कुछ अभिभावकों ने कम आवेदन आने का कारण विभाग द्वारा योजना का प्रचार-प्रसार नहीं करना तथा दाखिला प्रक्रिया देरी से शुरू होना भी बताया है।
शिक्षा विभाग की तरफ से इस साल निजी स्कूलों से अपने यहां चिराग योजना के तहत अपने यहां राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के दाखिले करने के लिए सहमति मांगी गई थी। इसके चलते जिले के चार स्कूलों ने अपने यहां दाखिले की सहमति देते हुए विभागीय पोर्टल पर रिक्त सीटों की संख्या दर्शाई थी। इसमें बावल खंड से पुष्पा कन्या मिडिल स्कूल, जाटूसाना खंड से राव मोहिदर सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खोल खंड से माडर्न पीएचएस व रेवाड़ी खंड से सरस्वती इंटरनेशनल स्कूल शामिल है।
अब जिन स्कूलों में आवेदन आए हैं, उन्हें 12 से 21 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। वहीं छात्रों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा करनी होगी। रिक्त सीटों पर 22 से 27 जुलाई तक रिक्त सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। दाखिले के पश्चात फीस प्रतिपूर्ति के लिए वही विद्यालय पात्र होंगे जिन्होंने फार्म छह में पोर्टल पर अपनी फीस दर्शाई है।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी नसीब सिंह का कहना है कि जो विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं वह निर्धारित शेड्यूल पर स्कूलों में जाकर दाखिला प्रक्रिया पूर्ण कराएं ताकि कोई परेशानी न आए। निर्धारित सीटों पर कम आवेदन आने के चलते निदेशालय की ओर से आवेदन की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है।