खाद केंद्र के बाहर लगी किसानों की लाईन।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले में बुधवार को सरकारी केंद्रों पर 15 सौ बैग खाद वितरित की गई। वहीं कृभको खाद केंद्र पर शाम के समय खाद समाप्त होने के बाद किसानों ने जाम लगा दिया। हालांकि जाम केवल 5 मिनट तक रहा। पुलिस कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ से किसानों को समझाकर जाम को खुलवा दिया। जिले के गांवों में बुधवार को स्थित पैक्स में भी खाद के बैग पहुंचा दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि अब किसानों को किसी भी तरह की परेशानी आने वाली नहीं है।
किसान खाद के लिए बुधवार को देर रात से ही लाइन में लग गए थे। इफ्को केंद्र में 1000 बैग व कृभको केंद्र पर 500 बैग वितरित किया गया। किसानों की संख्या अधिक होने के कारण बहुत से किसानों को बिना खाद के बैरंग लौटना पड़ा। कृभको पर 500 बैग खाद वितरित करने के बाद अधिकारियों ने किसानों से खाद खत्म होने की बात कही। गुस्साए किसानों ने नई अनाजमंडी के गेट के सामने जाम लिया दिया। खाद केंद्र पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसानों को समझाया। किसानों का कहना था कि अगर खाद नहीं तो कम से कम उनको टोकन ही मिल जाए। पुुलिस कर्मचारियों के कहने पर केंद्र के अधिकारियों ने किसानों को टोकन वितरित किया।
------------
दो दिन तो खोरी में ही फंसा रहा था खाद का रैक:
इफ्को की खाद लेकर मालगाड़ी सोमवार को ही खोरी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थी। वहां पर रेलवे की ओर से खाद के रैक को खाली नहीं कराया गया। पहले सीमेंट और उसके बाद में यूरिया के रैक को खाली कराया जाता रहा। मंगलवार को भी जब खाद के रैक को खाली कराने की सुध नहीं ली गई तो इफ्को के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। रेलवे के अधिकारियों से बातचीत के बाद मंगलवार रात को खाद के रैक को खाली कराया जा सका। दो दिन की देरी के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। हालांकि खाद का स्टाक उतरने के बाद तुरंत प्रभाव से बुधवार सुबह ही सहकारी समिति कार्यालय व पैक्स में पहुंचा दिया गया। इफ्को केंद्र पर तो मंगलवार देर शाम को ही एक हजार बैग पहुंचा दिए गए थे।
खाद के 22 हजार बैग हमारे पास आ चुके हैं। अब किसी तरह की समस्या नहीं आने वाली है क्योंकि गांवों में पैक्स पर खाद पहुंचा दी गई है। किसान अपने घर के नजदीक से ही खाद ले सकते हैं। वहीं गेहूं की बिजाई भी ज्यादातर हो चुकी है। -आशीष पंवार, क्षेत्रीय अधिकारी इफ्को